मेरा आँगन

मेरा आँगन

Tuesday, May 5, 2020

157


रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’


6-पेड़ लगाओ

पेड़ लगाओ, पेड़ लगाओ
गुरु जी हमको समझाते ।

बिना पेड़ धरती है सूनी
पेड़ सभी हैं खुशियाँ लाते।

मीठे फल और सुन्दर फूल,
छाया देकर सुखी बनाते ।
-0-


7-मेरी गुड़िया

मेरी भोली गुड़िया रानी
सुनती मुझसे रोज़ कहानी।

आँखें नीली सुन्दर बाल
परियों -जैसी इसकी चाला

बढ़िया जूते-कपड़े पहने
मेरी गुड़िया के क्या कहने !

-0-
8-विद्यालय

लेकर बस्ता हँसी -खुशी से
विद्यालय में जाते हम ।

मिल-जुलकर हम पढ़ते-लिखते
मिल-जुल करके गाते हम ।

अच्छी-अच्छी बातें ही सब
सदा सीखकर आते हम ।
-0-
9-मदारी

डुगडुग- डुगडुग डमरू बजता
उछल-उछलकर चले मदारी ।
नाचे बन्दर और बंदरिया
भीड़ देखती उनको सारी।

रूठ बंदरिया घर को जाती
बंदर उसे मनाकर लाता।
कान पकड़कर्। नाक रगड़कर
देखो सबका मन बहलाता ।

-0-
10-प्रार्थना

हरे-भरे पेड़ और पौधे
हे भगवान् ! बनाए तुमने ।

रंग-बिरंगे ख़ुशबू  वाले
अनगिन फूल खिलाए तुमने।

तरह-रतह की बोली वाले
पंछी भी चहकाए तुमने ।

सूरज चाँद रोशनी बाँटे
तारे भी चमकाए तुमने ।

-0-

Sunday, May 3, 2020

156



रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’
1-गैया

हरी दूब है गैया खाती
सबको पीठा दूध पिलाती ।

बने दूध से दही-मलाई
तरह -तरह की खूब मिठाई ।
-0--

2-गीत

ढोल बजा मेढक का ढम-ढम
भालू बना बाँसुरी वाला ।

अच्छे साथी मिले गधे को
गीत सुनाता गड़बड़झाला ।
-0-

3-सर्कस

देखो सर्कस का यह खेल
हाथी, घोड़ा ठेलमपेल ।

झूला झूल उछल हवा में
कुछ देखो छलाँग लगाते।

बन्दर , चीता, जोकर आते
सब हैं अपने खेल दिखाते।

-0-

4-नेवले की जीत

समझ नेवले को छोटा
नाग झपट पड़ा ।

बहुत निडर था नेवला
डटकर खूब   लड़ा ।

नेवले की जीत हुई
हारा नाग बड़ा ।

-0-
5-सवारी

आसमान पर जहाज उड़े
जिधर चाहता उधर मुड़े॥

छुक-छुक करके आती रेल
दूर-दूर तक जाती रेल ।

लम्बी सड़क बहुत इठलाती
मोटर इस पर दौड़ लगाती ।
-0-

Friday, May 1, 2020

155-कुकडू-कूँ:

समीक्षा 
प्रियंका गुप्ता

कुकडू-कूँ: रामेश्वर काम्बोज ‘हिमाशु’, प्रकाशक : विकास पेपर बैक / 221, मेन रोड, गांधीनगर, दिल्ली-110031, द्वितीय संस्करण:2003, मूल्य : बीस रुपये, पृष्ठ :32,ISBN:81-88124-42-7
बच्चों के सरस-कोमल मन को अगर सहजता से कोई बात बतानी-सिखानी हो या उनके मन की बात दुनिया के सामने लानी हो तो छोटी-छोटी मनभावन कविताओं से अधिक उत्तम साधन कोई और नहीं होता । अपनी गेयता के कारण ये स्वयम बच्चों की जुबान पर भी बेहद आसानी से चढ़ जाती हैं ।
वैसे तो हर माता-पिता अपने बच्चों को बहुत अच्छे से समझता है, पर मेरा मानना है कि  एक बच्चे के मन को जितनी अच्छी तरह से एक शिक्षक समझ सकता है, उतना और कोई नहीं । इसका प्रमाण श्री काम्बोज जी द्वारा रचित इन मनोहारी पंक्तियों में खुद ही मिल जाता है । काम्बोज जी स्वयं एक शिक्षक रहे हैं और देखिए, बस्ते का बोझ कम हो जाए, हर बच्चे की ऐसी इच्छा को कितने अच्छे से इन्होने समझा है- भारी बस्ता- शीर्षक कविता की इन पंक्तियों में-
माँ मुझसे यह नहीं उठेगा
बस्ता इतना भारी।
इस बस्ते के आगे मेरी
हिम्मत बिल्कुल हारी
बोझ करा दो कुछ कम इसका
सुन लो बात हमारी ।
काम्बोज जी की बाल-कविताओं में एक सब से बड़ी खासियत मुझे यह भी दिखी कि एक तरफ तो इनमे बच्चों के मन की झलक दिखती है, वहीं हर कविता में बड़ों के लिए भी कोई-न-कोई  सन्देश मौजूद है, बस आवश्यकता है तो उस सन्देश को समझ कर अपने आसपास की दुनिया में एक सकारात्मक बदलाव लाने की...।
‘मेरी नानी’ में बच्चा वही पुरानी परियों की कहानी सुनना चाहता है, पर अगर सोचिए तो क्या आजकल के इस कम्प्यूटरीकृत समय में एकल परिवारों के अकेलेपन से जूझते बच्चे के पास कहानी सुनाने को कोई नानी हैं भी ?
‘पत्ता’ शीर्षक कविता में बेचारा पत्ता घूमने के शौक में डाल से टूटकर कलकत्ता तो जा पहुँचता है, पर वहाँ के धूल-धुएँ से घबराकर वापस अपनी बगिया के मनोरम वातावरण में भाग आता है ।
दादा-दादी तो हर बच्चे को प्यारे होते हैं, इसलिए उनका हरेक अंदाज़ बच्चों को भाता है । ‘दादाजी’ शीर्षक कविता में दादाजी तड़के जागकर न केवल अच्छी सेहत के लिए टहल भी आते हैं, बल्कि वे अपनी बातों से सबके मन में जोश भी भरते हैं ।
दादाजी कविता में जहाँ दादाजी सबसे न्यारे हैं, वहीं ‘रोमा’ में चार शैतान पिल्ले हैं, जो बेचारे भौंकने भर के लिए अपनी माँ रोमा से डाँट खा जाते हैं।‘रोमा’ नाम की कुतिया सचमुच काम्बोज जी के घर की पहरेदार थी। दिनभर स्कूल में  रहती थी और स्कूल के बाद घर पर। भूकम्प आने पर इसने रात में भौंक-भौंककर पूरे परिवार को जगा दिया था। ज़रा देखिए तो-
रोमा घर की पहरेदार
साथ में उसके पिल्ले चार।
चारों पिल्ले हैं शैतान
इधर-उधर हैं दौड़ लगाते
बिना बात भौंकते हैं जब
डाँट बहुत रोमा की खाते।
‘चाचा जी का बन्दर’ में चंद पंक्तियों में ही काम्बोज जी एक बंदर की हरकतें बहुत दृश्यात्मक रूप से प्रस्तुत की हैं । शीशा देख के बन्दर का मुँह बनाना और खों-खों करने और पेड़ों से फल तोड़ना आदि वे बातें हैं , जिनसे कोई भी बच्चा बहुत अच्छे से परिचित होता है और इस कविता को पढ़कर उसे उतना ही आनंद आएगा, जितना किसी बन्दर को अपनी आँखों के सामने उछल-कूद मचाते देखकर होता है ।
‘तारे’ और ‘तितली रानी’ कविताएँ , जहाँ बहुत सहजता से बच्चों को प्रकृति से जोती हैं, वहीं ‘नन्ही चींटी’ और ‘मुर्गा बोला’ कविताएँ बालमन को रोज़ सवेरे जल्दी उठने और मेहनत करने की सीख खेल-खेल में दे जाने में बिल्कुल सार्थक साबित होते हैं ।
काम्बोज जी की बाल कविताएँ अपने कलेवर में भले छोटी हैं, पर बच्चों में संस्कार डालने के लिए बहुत लम्बे-चौड़े व्याख्यान की आवश्यकता नहीं, इस बात को बहुत अच्छे से सिद्ध करती हैं । उदहारण के तौर पर देखिए कविता- माता-पिता -
माता-पिता बहुत ही अच्छे
जीभर करते हमको प्यार ।
सुबह जागकर सबसे पहले
उन्हें करते हम नमस्कार ॥
‘बापू’ और ‘तिरंगा’ शीर्षक कविताएँ कितनी खूबी से नन्हे दिलों में जीवन भर के लिए देशभक्ति का पाठ पढ़ा जाती है, ये बात निश्चित ही क़ाबिल-ए-तारीफ़ है । सिर्फ बच्चे ही क्यों, ‘तिरंगा’ की ये पंक्तियाँ अगर बड़े भी पढ़ेंगे तो निश्चय ही एक ओज से भरा हुआ महसूस करेंगे । आप स्वयं पढ़ कर अनुभव कीजिए-
सदा तिरंगा झण्डा प्यारा
ऊँचा इसे उठाएँगे हम ।
चाहे जान हमारी जाए
इसको नहीं झुकाएँगे हम ।
 ‘माली’ और ‘मोर’ शीर्षक कविताएँ प्रकृति की एक मनमोहक झलक बेहद सहज रूप से प्रस्तुत करके बच्चों के मन को हर्षा जाती हैं ।
काम्बोज जी ने एक कविता लिखी- मेढक जी- इसे पढ़कर तो बच्चो और बड़ों दोनों को समान रूप से मज़ा आ जाएगा । जब मेढक जी बरसात में छाता लेकर निकलें और उसके बाद भी भीग जाएँ,  तो बुखार आना तो लाजिमी है न...और फिर कछुआ डॉक्टर साहब तो सुई लगाएँगे ही...और वह भी एक नहीं, चार-चार...। बाप रे ! अब भला किसकी हिम्मत होगी ,जो बारिश में भीगकर बीमार पड़ेगा । ज़रा आप खुद ये मज़ेदार कविता पढ़कर देखिए, आप इसके बाद भीगना चाहेंगे क्या ?
छाता लेकर मेढक निकले
जैसे अपने घर से।
गरज-गरजकर, घुमड़-घुमड़कर
बादल जमकर बरसे ।
भीगे सारे कपड़े उसके
हो गया तेज़ बुखार ।
कछुए ने दे दी दवाई
और लगे इंजेक्शन चार ।
एक तरफ ये मेढक जी हैं ,तो दूसरी ओर ‘मोटूराम’ भी हैं । अब अगर सड़क पर कोई मोटूराम की तरह गड़बड़ ढंग से चलेगा, तो फिर गिरकर चोट तो खाएगा ही ।
कभी इधर तो कभी उधर को
चलते जाते मोटूराम ।
मोटर वाला भी चकराया
कहाँ जा रहे मोटूराम ।
बीच सड़क में घबरा करके
गिरे अचानक मोटूराम ।
चोट लगी घुटनों पर भारी
उठते कैसे मोटूराम ।
‘सवाल’ कविता में जो सवाल किए गए हैं, उनसे बच्चे खुद को बहुत अच्छे से रिलेट कर सकते हैं ; क्योंकि कभी न कभी हर बच्चे के मन में ये सवाल तो उठते तो हैं ही ।
‘तोता’ पढ़कर अपने घर के मिट्ठू की याद आ जाती है, और ‘फल’ कविता पढ़कर शायद हर बच्चा बिना ना-नुकुर करके फलों को खाना शुरू कर देगा ।
कुछ कविताएँ थोड़े  और बड़े बच्चों के लिए है, पर फिर भी इतने सहज-सरल शब्दों में कि हर उम्र के बच्चे को नि:संदेह आनंद आएगा ।
बालपन के एक पड़ाव पर हम में से हर किसी ने रेलगाड़ी का डिब्बा या इंजन बनने का मज़ा तो ज़रूर उठाया होगा । उसी सुख का अनुभव ‘रेल चली’ कविता को पढने-गुनने वाला हर बालमन करेगा। इसी तरह सड़क पर अचानक गुज़रते किसी हाथी को देखना बेहद रोमांचकारी लगता है । ‘हाथी दादा’ कविता उसी अनुभव को एक बार फिर अपनी मन की आँखों से देखने का मौक़ा देती है ।
‘प्यारे बादल’ और ‘बादल’ समान-से शीर्षक वाली कविताएँ भले हों, पर दोनों का वर्णन एक-दूसरे से नितांत भिन्न है ।
आप स्वयं देख लीजिए-
बादल
झूम-झूमकर हाथी जैसे आसमान में छाए बादल ।
बरसा पानी चलीं हवाएँ,भारी ऊधम मचाएँ बादल ।।
तड़तड़-तड़तड़ बिजली चमकी,कैसा डर फैलाएँ बादल ।
धूप खिली तो आसमान में,इन्द्रधनुष चमकाएँ बादल ॥
-0-
प्यारे बादल
बिखर गये हैं रूई जैसे, नन्हें –मुन्ने प्यारे बादल ।
खरगोशों की तरह कुदकते, आसमान में न्यारे बादल ।
ठण्डी-ठण्डी चलीं हवाएँ,जब है बादल शोर मचाता ।
पंख खोलकर रंग-बिरंगे, तभी मोर भी नाच दिखाता।
इसी से मिलता-जुलता विषय है-सावन । काम्बोज जी ने ‘सावन आया’ शीर्षक कविता में इस मनोहारी ऋतु का उतना ही सुन्दर चित्रण कर दिया है । सावन में झूले पड़ना, मोर का नाचना और सबका मन प्रसन्नता से खिल जाने जैसी प्यारी भावनाओं से ओतप्रोत ये कविता नि:संदेह पढने के साथ मन-मयूर को नाचने पर मजबूर कर देती है ।
कुल मिला कर इन समस्त भागों में जो कविताएँ प्रस्तुत की गई हैं, वे सब एक से बढ़कर एक हैं और हरेक कविता उस उम्र के बच्चों के मनोभाव के पूरी तौर से अनुकूल होने के कारण बार-बार पढ़ने योग्य है । चित्रों ने कविताओं के सौन्दर्य में और वृद्धि की है।
-0-







Monday, March 16, 2020

154-सवेरा


डॉ.अर्पिता अग्रवाल
1.सवेरा

सूरज जागा रथ को हाँका,
चंदा मामा सोने भागा,
मुर्गों ने फिर बाँग लगाई,
बस्ती ने भी ली अँगड़ाई
झोंका तभी हवा का आया,
चिड़ियों ने मिल गाना गाया,
भोर उजाला लेकर आई
जागो, उठकर दौड़ो भाई।
-0-
2 .सूरज की सवारी

सूर्य की सवारी आई,
सतरंगी उजास है लाई
हरा रंग पौधों से खेला,
नील रंग बिखरा अलबेला
रंग-बिरंगा बाग़ सजाओ,
खिलो-खिलाओ हँसो हँसाओ।
खुशबू की मटकी भर लाओ
सारी दुनिया को महकाओ ।
-0-

Thursday, February 6, 2020

153


चक्रधर शुक्ल की कविताएँ
1-पेड़ लगाओ

          मम्मी मैं अपनी बगिया में
        
  सुन्दर पेड़ लगाऊँगा,
          बगिया को महकाऊँगा।
          बेला, गुलाब, चम्पारानी
          जब फूलेंगी, तब देखना
          तितली, चिड़ियाँ डाली-डाली
          झूलेंगी तब देखना।
          वातावरण बनेगा सुन्दर
          पर्यावरण   निराला
          वन-उपवन हो सघन-
          तो होगा, जीवन खुशियों वाला
          मम्मी, मैं अपनी बगिया में
          गाऊँगा, मुस्काऊँगा,
          सौ-सौ पेड़ लगाऊँगा।
-0-
2-उपवन नया बनाया जाए
          बच्चों की यह माँग
          निरर्थक जाए ना
          बस्तों का अब बोझ -
          बढ़ाया जाए ना।
                   होमवर्क इतना दे देते
        
           थक जाता,
                   मम्मी नहीं खेलने देती
                   पक जाता।
          पार्क बड़े लोगों के-
          हिस्से में आए ,
          आप बताएँ, कहाँ खेलने-
          हम जाएँ।
                   सर जी बोझ-
                   घटाया जा बस्तों का,
                   उपवन नया
बनाया जाए, बच्चों का।
-0-
3-जू में पानी
          टूट गए सब गेट बाँध के
          जू में पानी आया,
          मगरमच्छ सड़कों पर आ
          शेर बहुत घबराया।
                   चीतल, खरहा और लोमड़ी
                   टीले आई, स्याही,
                   साँ, छछूंदर, नेवला भागे
                   भारी हुई तबाही।
          बंदर चढ़े पेड़ पर सारे
          खों-खों, खों-खों करते
          अब जिराफ जी पानी में
          गर्दन ना नीची करते।
                   हाथी जी मस्ती में देखो-
                   छोड़ रहे फव्वारा
                   पानी ने चिड़ियाघर का
                   देखो- क्या हाल बिगाड़ा ?
-0-
स्याही-काँटेदार जीव (साही)
खरहा-खरगोश
-0-    चक्रधर शुक्ल,एल0आई0जी0-1, सिंगल स्टोरी,बर्रा-06, कानपुर-208027
            मो0नंः 9455511337

Saturday, December 7, 2019

151



बाल गीत
ज्योत्स्ना प्रदीप

1- चीनू भैया

चीनू  भैया सोये - सो
उठकर देखो रोये - रो

कहते टीचर डॉटेगी
नंबर मेरे काटेगी ।

कर सके  नहीं  तैयारी
आज परीक्षा है भारी ।

दीदी बोली ,"चुप हो जाओ ,
कुछ  पढ़ा दूँ ,पास तो आओ "!

2-सरदी आई

सरदी आई, सरदी आई ।
लेकर अपने संग रज़ाई 

मोनू  माँगे टोपा नीला ।
सीमा का स्वेटर रँगीला 

मूँगफली  के दिन फिर आ
गाजर का हलवा भी खा

मम्मी   मेवा  बना रही है ।
तिल, बादाम मिला रही है ।

पापा जब भी घर को आते ।
काजू वाला तिलकुट लाते ।

पापा   माँगे   चाय   निराली
कड़क बनी हो अदरक वाली।

दादा -दादी  काँपे थर - थर
कमरे में रख दो तुम हीटर ।
-0-
3-अक्कू का बर्थडे

सबसे लवली- लवली डे
अक्कू  का  हैप्पी बर्थ डे ।

टॉम- जैरी वाला  है  केक
गिफ्ट  मिलते हैं उसे अनेक ।

छोले - पूरी और रसगुल्ले
खाना -गाना, हो  हल्ले -गुल्ले 

गोलगप्पे  हैं ,वड़ा, समोसा
सांभर,चटनी ,इडली - डोसा ।

ऊपर  से , टॉफी -चाकलेट
"मुझको बख़्शो "बोला रे पेट!
-0-
4-गुब्बारे

गुब्बारे  प्यारे  गुब्बारे
लगते कितनें ये न्यारे 

लाल -लाल सोनू लाया
मोनू को पीला भाया ।
आरव नीला ले आया
हरा जिया के मन छाया ।

नभ में उड़ते हैं सारे
गुब्बारे प्यारे गुब्बारे ।

पापा जब भी आते हैं
गुब्बारे संग लाते हैं ।
हम तो खूब फुलाते हैं
कमरे में लटकाते है ।

खेल-खेल के न हारे ।
गुब्बारे प्यारे गुब्बारे ।


सब  रंग  के  गुब्बारे  लाता
जन्म-दिवस जिसकाभी आता
टाफी से भरा एक मटका
मोटा लाल  गुब्बारा लटका

फट कर ,टाफी  बरसा रे
गुब्बारे प्यारे  गुब्बारे।
-0-

Wednesday, June 26, 2019