मेरा आँगन

मेरा आँगन
Showing posts with label डॉ.रामनिवास 'मानव'. Show all posts
Showing posts with label डॉ.रामनिवास 'मानव'. Show all posts

Saturday, May 30, 2015

तीन कविताएँ



 डॉ.रामनिवास  'मानव' की तीन कविताएँ

1-होगा विकास तभी 

बच्चो, पढ़ना बहुत ज़रूरी।
पर उतना ही खेल ज़रूरी।
ताल–मेल दोनों में होगा,
होगा व्यक्तित्व–विकास तभी।

देश–देश का ज्ञान ज़रूरी,
और बड़ा विज्ञान ज़रूरी।
ज्ञान और विज्ञान मिलेंगे,
होगा व्यक्तित्व–विकास तभी।

अधिकार–कर्त्तव्य को जानो।
जीवन–मंजिल को पहचानो।
जीवन क्या है ? जब समझोगे,
होगा व्यक्तित्व–विकास तभी।

खेल–कूद को जीवन समझो,
और काम को पूजन समझो।
काम–काज की आदत डालो,
होगा व्यक्तित्व–विकास तभी।
–0–
2-  मिलकर सोचें

मिलकर बैठें, मिलकर सोचें,
बातें करें विकास की।

आपस में हो भाईचारा।
मन हो ज्यों मन्दिर–गुरुद्वारा।
रहे भावना भरी मनों में
मस्ती औ’ उल्लास की।

अलग–अलग हों रंग सभी के।
अलग–अलग हों ढंग सभी के।
फिर भी रहे एकता सब में,
डोरी हो विश्वास की।

नापें धरती, उड़ें गगन में।
संकल्पों का बल हो मन में।
स्वर्ग बनाना है धरती को,
आशा करें उजास की।
–0–
3-दादी माँ

दादी माँ का क्या कहना है !
सोने–चाँदी का गहना है।
दया–धर्म की सूरत दादी।
ममता की है मूरत दादी।

अनुभव की गठरी है दादी।
जीवन की पटरी है दादी।
माना इनकी उम्र पकी है,
लेकिन दादी नहीं थकी है।

धीरे–धीरे चलती दादी।
आशीषों में फलती दादी।
पूरे घर का हाथ बँटाती।
जीभर सब पर प्यार लुटाती।

दादी से घर, है घर दादी।
सबसे बड़ी धरोहर दादी।
प्यार–भरी पिचकारी दादी।
लगती मां से प्यारी दादी।
-0-